प्रबुद्ध जन समाज के प्रेरक और दिशानिर्देशक होने के साथ ही समाज के प्रहरी भी हैं। जिस समाज में प्रबुद्ध जन की जितनी अधिक सक्रियता और सहभागिता होती है वह समाज उतना ही उन्नत और सुखी होता है। सभ्य समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। राष्ट्र को जब भी उचित दिशा की जरूरत पड़ती है तब प्रबुद्ध वर्ग ही उचित मार्गदर्शन करता है। किसी भी राष्ट्र में सशक्त सरकार प्रबुद्धजनों की सहायता से ही चलाई जा सकती है। ये बातें भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को भुजौटी स्थित एसआर प्लाजा में आयोजित भाजपा के सदर विधानसभा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार में पर्याप्त मात्रा में प्रबुद्धजनों की सहभागिता है। इसके कारण यह सरकार सबका साथ सबका विकास करने के साथ ही सबका विश्वास जीत रही है। अब जाति पाति की नहीं बल्कि राष्ट्रवाद की सरकार है। कहा कि भाजपा विकास और राष्ट्रवादी मुद्दों को लेकर जनता के बीच में जाती है। कहा कि हमारी सरकार अब वोटों को ध्यान में रखकर अपने निर्णय नहीं लेती है बल्कि समाज और देश हित ध्यान में रखकर निर्णय लेती है। केंद्र की मोदी सरकार आने के बाद से पिछले सात वर्षों में देश के किसी हिस्से में आतंकवादी घटनाएं नहीं हुईं साथ ही नक्सलियों के सिंडीकेट को भी तोड़ दिया गया है। दावा किया कि उत्तर प्रदेश अपराध मुक्त होने की ओर अग्रसर है। कहा कि अब शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र पर्याप्त बिजली मिल रही है। दावा किया कि व्यापारियों के मन से अपराधियों का भय खत्म हो गया है। वे शांति से अपना व्यापार कर रहे हैं। भाजपा ने हमेशा से ही प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान किया है। जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रबुद्ध जनों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। संचालन जिला उपाध्यक्ष संगीता द्विवेदी ने किया। इस मौके पर हौसला प्रसाद उपाध्याय, सुनील कुमार गुप्ता, मनोज राय, जयनाथ सिंह, बजरंगी सिंह, अशोक सिंह, मुन्ना दुबे, सुनील यादव, भरत लाल राही, डॉ. सीता राय, डॉ. एच एन सिंह, आनंद प्रताप सिंह, ब्रह्मानंद सिंह, रामाश्रय मौर्य, गणेश सिंह, राधेश्याम सिंह, नूपुर अग्रवाल, राकेश तिवारी, कृष्ण कांत राय, मीना अग्रवाल रहीं।