मुहम्मदाबाद गोहना। जिला पंचायत की कब्जा की गई जमीनें खाली कराई जाएंगी। इन जमीनों को चिह्नित कर लिया गया है। वहीं, जिला पंचायत के जर्जर भवन को गिरा कर कस्बे में चार मंजिला शॉपिंग कॉप्लेक्स का निर्माण जिला पंचायत की ओर से कराया जाएगा। बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में अधिकारियों ने मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा, भातकोल देवलास, नदवा सराय आदि स्थानों पर पंचायत की जमीनों को चिह्नित किया। कब्जा जमाए लोगो को फौरन जमीन खाली करने का निर्देश दिया। मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के बीचोबीच विजय स्तंभ चौक के पास जिपं के जर्जर भवन को गिराकर वहां चार मंजिला नया शॉपिंग कांप्लेक्स बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। पशु चिकित्सालय के पास जिपं की जमीन से अवैध कब्जा हटाकर यहां भी दुकान बनाने की योजना है। मनोज राय ने कहा कि जर्जर भवन के चलते किसी भी क्षण हादसा होने की संभावना को देखते हुए इसे गिराकर इसकी जगह चार मंजिला नया शॉपिंग कंपलेक्स बनाए जाने की योजना बनाई जा रही है। इस भवन में पहले से रह रहे दुकानदारों से नए भवन के निर्माण में सहयोग करने को कहा। बताया कि पहले से अलाट दुकानदारों को नए कांप्लेक्स में दुकान दी जाएगी इसके बाद ऊपर के मंजिल पर आवश्यकतानुसार लोगों को नई दुकान अलाट की जाएगी। इसके बाद वह भातकोल बाजार पहुंचे। वहां पर अवैध कब्जा खाली कराकर जमीनों की घेराबंदी करने का निर्देश दिया। बताया कि यहां भी जमीनों पर शॉपिंग कांप्लेक्स और दुकान बनाकर दुकानदारों को अलाट किया जाएगा इससे लोगो को रोजगार मिलेगा और विभाग का राजस्व भी बढ़ेगा। इस दौरान कार्य अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी, जिपं सदस्य अमरनाथ चौहान, जय भीम, पूर्व ब्लाक प्रमुख सर्वेश राय, मांधाता सिंह, सभासद प्रतिनिधि रमेन्द्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।