मऊ। सर्वेश्वरी मुक्तिधाम ढेकुलियाघाट स्थित हनुमान मंदिर पर आयोजित संकीर्तन और भंडारा के पल में आस्था और भक्ति अपने चरम पर रही। सिद्ध संगीत साधकों के भक्तिमय स्वर प्रवाह से तमसा तट दो दिन निनादित होता रहा। इस दौरान मुख्य अतिथि चिकित्सक डा. संजय सिंह व जगतनारायण सिंह ने नये अखाड़ा निर्माण की आधारशिला रखकर भूमि पूजन किया। इस बीच आए हुए सभी संतों व कलाकारों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। भंडारा में नगर सहित जिले के सभी क्षेत्रों के हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर डॉ. संजय सिंह ने कहा कि नगर के इस गौरवशाली धरोहर को पूर्णतया संरक्षित किया जाएगा। नगरपालिकाध्यक्ष तैयब पालकी ने स्थल के सुंदरीकरण की प्रतिबद्धता जताई। व्यवस्थापक पुरुषार्थ सिंह ने आगंतुकों को स्वागत करते हुए स्थल को विकसित करने में सबका सहयोग मांगा। संरक्षक राम अवध मौर्या ने कहा कि अखाड़ा का निर्माण होते ही सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरा पुन: आरंभ हो जाएगी। समाजसेवी, प्रबंधक मडैयाघाट रामाश्रय सिंह, अध्यक्ष ब्राह्मण विकास परिषद रामजी उपाध्याय, भाजपा नेत्री डॉ. सीता राय, गनेश सिंह, विजय कुमार सिंह, डॉ. नम्रता श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह पिंटू, आनंद प्रताप सिंह, सत्यमित्र सिंह ने संबोधित किया। दो दिन चलने वाले इस आयोजन में बाल गोविंद, रामरुप, राजमुनि, राम गोविंद, राजेश गिहार, मान सिंह, शशिकांत कुशवाहा, रमेश मौर्या, रिंकू राय, प्रकाश आदि तत्परता के साथ लगे रहे।