मऊ में मुठभेड़ः भैंसही नदी पुल के पास पांच लुटेरे गिरफ्तार, चार तमंचे, चार बाइक और नगदी बरामद
यूपी के मऊ जिले में भैंसही पुल के पास लुटेरों के होने की सूचना पर पुलिस पहुंचीं। वहां बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस दल ने अपना बचाव करते हुए पांच बदमाशों को पकड़ लिया।
विस्तार
मऊ में चिरैयाकोट पुलिस, स्वाट और एसओजी की टीम ने बुधवार भोर में पांच बजे भैंसही नदी के पुल के पास हल्की मुठभेड़ के बाद पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। ये लूट की वारदात को अंजाम देने काझा, वनदेवी की तरफ जा रहे थे। इनके पास से चार बाइक, चार तमंचे और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।
एसपी सुशील घुले ने बताया कि एसओजी, स्वाट और चिरैयाकोट पुलिस एक सूचना के बाद भैंसही पुल के पास पहुंचीं तो वहां पहले से खड़े बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। किंतु पुलिस दल ने अपना बचाव करते हुए पांच बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से चार बाइक, चार तमंचे कारतूस और चार हजार रुपये बरामद हुए।
पकड़े गए अजय यादव निवासी बरही थाना मरदह जनपद गाजीपुर, दीपक कन्नौजिया और अभिषेक यादव निवासी फत्तेपुर थाना कासिमाबाद, अरविंद यादव निवासी बाबू लाल का पूरा थाना करीमुद्दीनपुर गाजीपुर और श्रवण कुमार पाल उचौरी शेखनपुर थाना कासिमाबाद का निवासी है।
पकड़े गए लुटेरों में अजय, दीपक, अरविंद तथा अभिषेक चारों वारदात को अंजाम देते थें जबकि लूट की योजना श्रवण पाल बनाता था। वारदात के लिए इन्हें अपनी बाइक भी देता था और बदले में हिस्सा भी लेता था। पुलिस ने सभी का चालान कर जेल भेज दिया है।
15 दिन पूर्व मधईपुर में की थी लूट
एसपी सुशील घुले ने बताया कि बदमाशों ने नौ नवंबर को रात दस बजे मघईपुर सरसेना में गाजीपुर चिरैयाकोट मुख्य मार्ग से एक व्यक्ति को डंडे से मारकर उसकी बाइक व मोबाइल फोन और 4000 रुपये और एटीएम कार्ड वगैरह लूट लिया। रुपयों को आपस में बांटकर एटीएम कार्ड आदि सामान नदी में फेंक दिया था। लूटी गई बाइक यूपी 61 एवी 5075 की जगह यूपी 65 सीबी 8443 की नंबर प्लेट लगा कर चल रहे थे।