मऊ: बिजली की कटौती एक परिवार पर पड़ी भारी, परिवार छत पर सोता रहा, चोरों ने उड़ाए 10 लाख के आभूषण
बिजली न आने की वजह से पूरा परिवार घर की छत पर सो रहा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर पर धावा बोल दिया। घटना मऊ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी आंबेडकर नगर मोहल्ला में हुई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक परिवार घर की छत पर सो रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर से कीमती सामान से हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर से लाखों रुपये के आभूषण चुरा लिए। पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई। घटना मऊ जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र के भीटी आंबेडकर नगर मोहल्ला में हुई।
पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से तहरीर लेकर लौट गई। पीड़ित के अनुसार, चोर उसके घर से करीब दस लाख रुपये का जेवरात चुराने में सफल हुए।
पुलिस के अनुसार, आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी रामबचन पुत्र मुखदेव राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका भाई राजेश और पिता मुखदेव एक ही परिसर में अलग-अलग घर बनवाकर रहते है। मंगलवार की शाम बिजली कटौती होने पर पीड़ित परिवार भोजन करने के बाद छत पर सोने चला गया।
बुधवार की सुबह जब परिजन जागे तो उन्होंने देखा कि घर में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। वहीं एक कमरे में आलमारी में रखे करीब 75 रुपये सहित करीब दस लाख रुपये के जेवरात गायब हैं। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करने के बाद पीड़ित से तहरीर लेकर लौट गई। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित रामबचन ने अज्ञात चोरों को आरोपित किया है।