मऊ। नगर पालिकाध्यक्ष ने कहा है कि बरसात का देखते हुए नगर क्षेत्र में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। नाले नालियों के पास दवाओं का छिड़काव और फागिंग कराई जाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ भी संभावित रोगों की रोकथाम पर चर्चा की। पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी मंगलवार को पालिका सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों संग बैठक कर व्यस्थाओं को दुरुस्त करने पर बैठक कर रहे थे। बैठक में जुलाई में प्रस्तावित द्वितीय ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान’ के सफल संचालन के तहत डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कोरोना आदि के बारे में लोगों को जागरुक करने तथा जल जमाव वाले स्थानों/नालियों की सफाई कर दवाओं के छिड़काव कराने पर बातचीत हुई। जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव ने बताया कि एक से 31 जुलाई तक चलाए जाने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं 16 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर संचारी रोगों डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार और कोरोना आदि के बारे में जनता को जागरुक करेंगे तथा जिन व्यक्तियों में बुखार आदि के लक्षण होंगे उनकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर जांच कराएंगे। पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी ने सफाई नायकों से कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर फॉगिंग तथा प्रत्येक नालियों की सफाई कर मैलेथियान, ब्लीचिंग, मच्छर मार दवाओं का छिड़काव कराएं। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने सफाई नायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के इस अभियान में लापरवाही नहीं करें और समय रहते इस पर कार्य शुरू करा दें।
बैठक में खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेंद्र कुमार, डॉ. अभिषेक राय, रजिया नाज, शीबा परवीन, प्रमोद दूबे, पीयूष सिंह आदि शामिल रहे।