यूपी: जाम में खड़े ट्रैक्टर को जबरदस्ती हटाने का किया प्रयास, किशोर घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के घोसी-पिढवल मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे फाटक की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण बुधवार की सुबह एक बड़े हादसे के शिकार होने से बच गए। जब एक प्रदर्शनकर्ता के खड़े ट्रैक्टर को एक मनबढ़ दूसरे ट्रैक्टर चालक ने जबरदस्ती हटाने का प्रयास किया। इस प्रयास में पहले चालक ने ग्रामीणों द्वारा जाम के लिए खड़ी दो बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं ट्रैक्टर की चपेट में आने से किशोर घायल हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। उधर पुलिस ने घायल किशोर को सीएचसी में लाकर भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढवल गांव के पिढवल-घोसी मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर यहां रेलवे द्वारा अंडरपास बनाए जाने की योजना है। जबकि ग्रामीण इस रेलवे क्रासिंग पर रेलवे फाटक ही बनाए जाने की मांग कर रहे है।
इसी मांग को लेकर बुधवार को 50 से ज्यादा ग्रामीण घोघवल गांव निवासी जोगिंद्र राम के नेतृत्व में रेलवे क्रॉसिंग पर दो बाइक, सड़क पर एक ट्रैक्टर और रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का एक बड़ा टुकड़ा रखकर विरोध जता रहे थे।
इस बीच दोपहर में घोसी की तरफ से एक ट्रैक्टर चालक उधर से गुजरा, लेकिन बीच में दूसरा ट्रैक्टर और बाइक को खड़ी देखकर रूका और विरोध कर रहे लोगों से इसे हटाने की मांग की। लेकिन काफी देर तक न हटाए जाने पर ट्रैक्टर चालक ने चाबी से खड़े ट्रैक्टर को चालू कर हटाने लगा।
इस प्रयास में रेलवे ट्रैक पर खड़ी दो बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं ट्रैक्टर की चपेट में आने से अमन उर्फ लकी(14) पुत्र प्रेमचंद्र राम निवासी घोघवल घायल हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चालक की जमकर धुनाई कर पुलिस को सुपर्द कर दिया। साथ ही घायल किशोर को घोसी सीएचसी में भर्ती कराया।
घटना के संबंध में सीओ घोसी नरेश कुमार ने बताया कि हादसा की जानकारी उनके संज्ञान में है। चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।