मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय तहसील के एसडीएम और अधिवक्ता अर्शे आलम के बीच विगत 14 अगस्त को हुए विवाद के बाद अधिवक्ता हड़ताल कर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जिलाधिकारी द्वारा एक सप्ताह में एसडीएम के विरुद्ध कार्यवाई किए जाने आश्वासन दिया गया था। इसके बाद विगत एक सप्ताह से एसडीएम न्यायालय को छोड़कर अन्य अदालतों में अधिवक्ता कार्य कर रहे थे। बुधवार तक एसडीएम के खिलाफ कोई कार्यवाई न होने से नाराज वकीलों ने एक बार फिर से हड़ताल और धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए तहसील बार के अध्यक्ष खालिद जमाल खान ने बताया कि विगत 14 अगस्त को अधिवक्ता और एसडीएम के बीच हुए विवाद के बाद अधिवक्ता एसडीएम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर यहां से उन्हें अन्यत्र हटाने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। इस बीच जिलाधिकारी द्वारा वार्ता के दौरान एक सप्ताह में एसडीएम के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया था। बुधवार को एक सप्ताह की समय सीमा समाप्त होने के बाद डीएम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं की बैठक तहसील सभागार में हुई। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिलाधिकारी द्वारा अपने दिए गए आश्वासन पर अमल न किए जाने से अधिवक्ता एक बार फिर से हड़ताल पर जाने को विवश हुए हैं। बताया कि गुरुवार से तहसील के सभी न्यायालयों में कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से अध्यक्ष खालिद जमाल, मंत्री लाल बहादुर, संतोष श्रीवास्तव, महेंद्र राय, संजय उपाध्याय, सभ्य कुमार पाल, अनाम खान, महेश यादव, एजाज खान, विनय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।