लंबे समय से बदहाल अमिला-आजमगढ़ मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने से नाराज लोगों ने सोमवार को झारखंडे राय यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष विवेक राय के नेतृत्व में सड़क जाम कर दिया। लगभग तीन घंटा जाम रहने से मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता तारकेश्वर चौबे ने जाम समाप्त करने की बात कही तो प्रदर्शनकारी भड़क गए। अंत में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा दूरभाष पर दिए गए आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
लंबे समय से बदहाल अमिला-आजमगढ़ मार्ग पर निर्माण कार्य न होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। विभागीय अधिकारियों अधिकारियों के लगातार आश्वासन के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने से नाराज ग्रामीणों ने अमिला अजमतगढ़ मार्ग पर यूपी बड़ौदा बैंक अमिला के पास सुबह करीब 9.20 बजे बीच सड़क पर टेंट लगाकर जाम कर दिया। साथ ही नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि धरना प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों द्वारा आश्वासन देकर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त रहने से जहां आम लोगों को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र की विकास गति धीमी हो गई है। विभाग की तरफ से टेंडर प्रक्रिया पूरी होना बताया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू करने में हीलाहवाली की जा रही है। सूचना पाकर जाम स्थल पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता तारकेश्ववर चौबे ने धरना समाप्त करने की बात कहने पर प्रदर्शनकारी भड़क गए। अधिशासी अभियंता को बुलाने की मांग करने गलगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के दूरभाष पर आश्वासन मिलने पर जाम समाप्त हो सका। तीन घंटा जाम रहने से राहगीरों, दुपहिया वाहन चालकों सहित सवारी वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। कड़ी धूप से लोगों का हाल बेहाल रहा। इस दौरान राहुल प्रजापति, संदीप, अनुराग राय,अनुपम,चंदन सिंह, राहुल कन्नौजिया, संजय प्रजापति, मुकेश कन्नौजिया, मौलाना एहसान चतुर्वेदी, मालती, सुशील, रंभा, निर्मला आदि मौजूद रहे।