पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: मऊ निवासी एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत, तीन घायल, डीसीएम से टकराई थी स्कॉर्पियो
अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गई। हादसे में मां और बेटे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। स्कॉर्पियो सवार सभी लोग मऊ से लखनऊ जा रहे थे।
विस्तार
मऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लखनऊ जा रही स्कार्पियो शुक्रवार सुबह 5.30 बजे आशीषपुर गांव के पास डीसीएम में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में बुजुर्ग महिला, उसके पुत्र व दामाद और पुत्री की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चालक व परिवार के दो अन्य लोगों का लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मृतकों में दो मऊ व दो गाजीपुर के निवासी थे। मऊ जिले के थाना बुलाकीपुर गांव लखंसी निवासी अफसर अहमद शुक्रवार को अपनी मां नूरजहां, भाई जाहिद कमाल, गाजीपुर के बहादुरगंज निवासी बहन अफसाना खातून व बहनोई अतीकुर रहमान तथा मऊ के कोपागंज निवासी दूसरे बहनोई शमशुद्दीन के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ जा रहे थे।
स्कार्पियो उनके गांव का ही रिजवान अहमद चला रहा था। सुबह 5:30 बजे आशीषपुर गांव के पास स्कार्पियो डीसीएम में पीछे से जा टकरायी। जबरदस्त टक्कर से स्कार्पियो के परखचे उड़ गए। आसपास लोग घायलों को सीएचसी बाजार शुकुल ले गए जहां चिकित्सक ने नूरजहां (60), जाहिद कमाल (38) तथा अतीकुर्रहमान (40) को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अफसर अहमद, अफसाना खातून, शमशुद्दीन व चालक रिजवान को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया। वहां उपचार के दौरान अफसाना खातून (35) की भी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक निर्मल सिंह ने बताया कि अफसर अहमद की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है।