बढ़ुआगोदाम। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को परदहां विकास खंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 33 जोड़ों की शादी कराई गई। इस दौरान घोसी विधायक विजय राजभर और अधिकारियों ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। उन्हें घर गृहस्थी का सामान भी दिया गया। वर और वधू पक्ष से आए लोगों के लिए प्रीतिभोज का आयोजन भी किया गया था।
घोसी के विधायक विजय राजभर ने दीप प्रज्ज्वलित कर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर रानीपुर से दो, घोसी से चार, फतेहपुर मंडाव से चार, दोहरीघाट से चार, कोपागंज से तीन, बड़रांव से तीन, रतनपुरा से चार, परदहां से पांच तथा मुहम्मदाबादगोहना से चार जोड़ों का विवाह विधिवत वेदमंत्रोच्चार के साथ कराया गया। इस मौके पर विधायक विजय राजभर ने कहा कि अब नव युगल नए जीवन की शुरुआत करेंगे। यह रिश्ता अटूट रहे, यही कामना है। वर और वधू अपने-अपने गृहस्थ धर्म को निर्वहन करें। कहा कि गरीब परिवारों में बेटियां जन्म लेती थी तो उनके माता-पिता की चिंता शादी को लेकर बढ़ जाती थी। कभी-कभी तो खेत एवं गहने बेचकर शादी करनी पड़ती थी। इसको संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह योजना की शुरुआत की। इस योजना के अंतर्गत गरीब परिवार के लोग अपनी बेटियों की शादी कर सकते हैं। शादी समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी रितेश बिंदल, नगर मजिस्ट्रेट, खंड विकास अधिकारी परदहां, एडीओ समाज कल्याण अनिल सिंह, ग्राम्य विकास अधिकारी समाज कल्याण दिनकर मौर्या, जगदीश यादव, गिरजा शंकर यादव, दुर्गेश सिंह शामिल रहे।