मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में जिला पौधरोपण समिति की बैठक हुई। जिसमें पांच जुलाई से प्रारंभ होने वाले पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। डीएफओ जीसी प्रभु भाई ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन जनपद में 20.18 लाख पौधरोपणका लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि नर्सरी से कुल 90 प्रतिशत से ज्यादा पौधों का उठान हो चुका है। जिलाधिकारी ने पौधारोपण के ऐसे स्थानों के चिह्नीकरण की जानकारी ली, जहां जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाना है। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से पौधरोपण की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक गौशाला में पौधरोपण के लिए गड्ढों का भौतिक सत्यापन तय करें। सभी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को नर्सरी से पौधों के उठान से लेकर उनके वितरण तक के सारी कार्रवाई का रिकॉर्ड रखने को कहा। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को जनपद में बाल वन एवं युवा वनों की संख्या बढ़ाने को कहा। जिलाधिकारी ने खेल के मैदानों और ऐसे स्कूलों या कॉलेजों में जहां बाउंड्री वाल का निर्माण नहीं हुआ है, वहां किनारे-किनारे पौधे लगाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई आदि शामिल रहे।