मऊ। उ.प्र. मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ द्वारा संचालित सेकेन्ड्री, सीनियर सेकेन्ड्री, कामिल एवं फाजिल परीक्षाएं शनिवार को जनपद के 16 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में हुई। पहले दिन दोनों पालियों में मिलाकर कुल 1217 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जोनल मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में परीक्षा हुई। दो सचल दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। कहीं पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
पहली पाली में सुबह आठ से 11 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए कुल 2797 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। लेकिन सुबह की पाली में 781 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि अपरान्ह दो से पांच बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा में 3545 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। लेकिन इनमें से 436 छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हुए। इस तरह दोनों पालियों में मिलाकर 1217 छात्रों ने पहले ही दिन परीक्षा छोड़ दिया। जनपद में सभी कक्षाओं के लिए दोनों पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए कुल 6342 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोनों पालियों में जोनल,सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने परीक्षा केंद्रों का दौराकर शुचिता पूर्ण परीक्षा कराने का प्रयास किया। परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एसएन सिंह तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार की अध्यक्षता में दो उड़न दस्तों ने दोनों पालियों में11 परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एसएन सिंह ने बताया कि जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से शांति पूर्ण माहौल में शुचितापूर्ण परीक्षा कराई जा रही है।