Mathura: कार की टक्कर से पलटी ट्रॉली तो ट्रक ने बाइक को ठोंका, दो की मौत, तीन घायल
मथुरा में दो जगह अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। एक में कार की टक्कर से ट्रॉली पलट गई तो वहीं दूसरे में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर पाकर घरों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली।
हाईवे थाना क्षेत्र के जयगुरुदेव सर्विस रोड पर शनिवार देररात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अनमोल (20) पुत्र अखिलेश निवासी 72 ए बालाजीपुरम, शाहगंज आगरा की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई अभिषेक घायल हो गया। हाईवे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घायल को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को बरामद कर परिजन को हादसे की सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया।
शादी समारोह से लौट रहे थे
चौकी पन्ना पोखर प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि मृतक इकलौता पुत्र था। आगरा पुलिस लाइन के सामने गुप्ता जी ढाबा चलाने वाले पिता का सहयोग करता था और पढ़ाई भी कर रहा था। बाइक सवार चचेरे भाई दोनों दोस्त की बहन की शादी से नेवी रिसॉर्ट से लौट रहे थे। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
ट्रॉली में छह लोग सवार थे
उधर, थाना सदर बाजार के गोकुल बैराज पर रविवार की सुबह कार की टक्कर से ट्रॉली पलट गई। इसमें सवार राजकुमार (45) निवासी खुर्जा जंक्शन, बुलंदशहर की नीचे दबकर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। ट्रॉली में छह लोग सवार थे। सदर बाजार पुलिस ने शव कब्जे में लिया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर मार्ग सुचारू कराया। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।