मथुरा में NH-19 पर भीषण सड़क हादसा: यूपी रोडवेज और डग्गामार बस की टक्कर, 15 यात्री घायल
इस जोरदार टक्कर के कारण दोनों क्षतिग्रस्त बसें हाईवे के बीचोबीच फंसी रह गईं, जिससे NH-19 पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और वाहनों का लंबा जाम लग गया। जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने तुरंत क्रेन मंगवाई। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था फिर से सुचारू हो सकी।
विस्तार
मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन कट के पास तेज रफ्तार निजी बस ने आगे चल रही यूपी रोडवेज ताज डिपो की बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसें अनियंत्रित होकर राजमार्ग किनारे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना में 13 लोग गंभीर घायल हो गए जबकि कुछ यात्री चुटैल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए।
बृहस्पतिवार की शाम को करीब 4 बजे ताज डिपो की बस दिल्ली की ओर जा रही थी, जैसे ही बस कोटवन कट के समीप पहुंची तो पीछे से आती निजी बस के चालक ने ताज डिपो की बस में पीछे से टक्कर मार दी। रोडवेज बस में करीब 25 से अधिक लोग सवार थे। जबकि निजी बस गुरूग्राम जा रही थी।
टक्कर के बाद दोनों बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरीं। प्रत्यक्षदर्शी उमेश ने बताया कि हरियाणा की निजी बस का चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। हादसे के समय तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अखिलेश कुमार, सीओ भूषण वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह, कोटवन चौकी प्रभारी उत्तम सिंह चौहान, राजमार्ग बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।
ये हुए घायल
प्रमोद कुमार (52) दिल्ली, अनुईया (40), सतीश (40) सुहावा, अरूण (18) बल्देव, टिकुंल (3), रूवी (30), सोहिल (28) आगरा, लक्ष्मी (40), प्रीति (11) पहाड़ी, इमरत (50), सुभाष (50) नूंह, श्यामा (40) नागल जाट, शिवरानी (45) को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जबकि 8 अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हुए, जो प्राथमिक उपचार के बाद गतंव्य की ओर रवाना हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों बसों के चालक और परिचालक मौके से भाग गए।
राजमार्ग पर कुछ देर को थम गई वाहनों की रफ्तार
हादसे के बाद राजमार्ग पर कुछ देर के लिए वाहनों की रफ्तार थम गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों, एनएचएआई की टीम ने राहगीरों की मदद बचाव अभियान चलाया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और राजमार्ग के यातायात को सुचारू कराया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.