मथुरा। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार को मथुरा में मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत वार्ड 3, 37 और वार्ड 12 में नाली व इंटरलॉकिंग सड़क के 1 करोड़ 95 लाख रुपये के कार्यों का वर्चुअल शिलान्यास किया। उन्होंने यह कार्य जल्द व पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के नगर आयुक्त को निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने जनसहयोग से मथुरा-वृंदावन निगम क्षेत्र को स्वच्छता में टॉप टेन शहरों में लाने की अपील भी की।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों व स्थानीय निवासियों के साथ वार्ड-3 मलिन बस्ती आस्थापुरी, गिरधरपुर, वार्ड-37 मलिन बस्ती नगला मेवाती, धन्नापुर और वार्ड-12 मलिन बस्ती जयसिंहपुरा बांगर व देवीपुरा में नाली निर्माण कार्य, सीसी इंटरलॉकिंग सड़क के कार्यों का शुभारंभ करते हुए लोगों से संवाद किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर व स्वच्छ भारत निर्माण के संकल्प की दिशा में नया मथुरा-वृंदावन तैयार हो रहा है।
कहा कि वृंदावन में 2.13 करोड़ रुपये की लागत से ऑर्गेनिक वेस्ट से खाद बनाने के विकेंद्रीकृत कंपोस्ट प्लांट और प्लास्टिक कचरे को रिसाइकल करने का एमआरएफ प्लांट चल रहा है। जुबली पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग कम ओपन थिएटर तैयार हो रहा है। उन्होंने नगर आयुक्त को सभी इलाकों में डोर टू डोर कलेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।