बरसाना में संतों की महापंचायत: बोले- अविलंब क्षमा मांगें कथावाचक प्रदीप मिश्रा, वरना ब्रज से होगा बहिष्कार
बरसाना में संतों की महापंचायत हुई। इसमें संतों ने कहा कि कथावाचक प्रदीप मिश्रा अविलंब क्षमा मांगें। वरना ब्रज से बहिष्कार होगा। कथाओं में प्रदर्शन किया जाएगा।
विस्तार
तीर्थनगरी मथुरा के बरसाना में गहरवन स्थित रसमंडप में सोमवार को ब्रज के संतों की महापंचायत हुई। इसमें जन-जन की आराध्य श्रीराधा रानी के संबंध में सिहोर (मध्य प्रदेश ) के कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा की गई टिप्पणी पर विरोध जताया गया। महापंचायत में प्रस्ताव पास हुआ कि प्रदीप मिश्रा अविलंब तीन दिवस में राधारानी से क्षमा मांगें। इसकी जानकारी समाचार पत्रों व चैनलों पर दें। सात दिन में बरसाना आकर माफी मांगें। ऐसा न करने पर बाद में भी क्षमा स्वीकार्य नहीं होगी।
महापंचायत में पद्मश्री रमेश बाबा ने कहा कि मैं अस्वस्थ होने के कारण ज्यादा नहीं बोल सकता। बस मैं इतना कहना चाहूंगा, ब्रजवासी जो निर्णय लेंगे उसमें मैं उनके संग हूं। इस दौरान संतों से अनुरोध किया गया कि व्यासपीठ से प्रदीप मिश्रा को सर्वदा के लिए बहिष्कृत किया जाए। संपूर्ण ब्रज मंडल में प्रदीप मिश्रा द्वारा क्षमा न मांगने पर प्रवेश निषेध रहेगा। जहां कथा हो वहां अभियान चलाकर प्रदर्शन किया जाएगा। समर्थकों पर भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
सात दिन में कार्रवाई नहीं तो घेराव होगा
महापंचायत में एलान किया गया कि जिला प्रशासन ने साक्ष्य देने के बाद भी प्रदीप मिश्रा के खिलाफ सात दिन में कार्रवाई नहीं की तो अविलंब जिला मुख्यालय का संतों द्वारा घेराव किया जाएगा। भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक पहचान व सनातनी धार्मिक अस्तित्व पर कोई वक्तव्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महाराज फिल्म पर तुरंत रोक लगाई जाए। गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने कहा कि ब्रज की अधिष्ठात्री का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। गोरक्षक दल के चंद्रशेखर बाबा, पद्म फौजी, हरिमोहन गोस्वामी, आचार्य बद्रीश महाराज ने कहा व्यास गद्दी पर बैठक कोई भी कोई गलत बात न कहे। जो कहे वह शास्त्र के अनुरूप कहे।
श्रीकृष्ण जिसकी आराधना करते हैं, वह राधा रानी हैं। राधा तत्व को वह ही जान सकता है, जिस पर भगवान की कृपा होती है। इस अवसर पर रमाकान्त गोस्वामी, गोवर्धन चेयरमैन के प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, प्रेम श्रोत्रिय, पंडित बाबा , कपिल देव, कार्ष्णि नागेंद्र महाराज, शिवराम महाराज, सुनील सिंह, किशोरी गोस्वामी, आरके पांडेय आदि मौजूद रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.