Mainpuri Nikay Chunav: जांच के दौरान पकड़े गए फर्जी वोटर, पुलिस ने तत्काल हिरासत में लिया
Mainpuri Nikay Chunav: मतदान के दौरान जांच में पुलिस अधिकारियों ने दो फर्जी वोटर पकड़े। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारी लगातार मतदान केंद्र का भ्रमण करते नजर आए। इस बीच सीडीओ और एएसपी ने महमूद नगर के पोलिंग बूथ से एक युवक को फर्जी वोट डालने पकड़ कर कोतवाली भिजवाया। वहीं गोलाबाजार से एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पहले डाले गए वोट की स्याही नहीं मिटी थी
जिले में बृहस्पतिवार को निकाय चुनाव पुलिस के कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच कराया गया। इसके बाद भी कुछ लोग ऐसे थे, जो मतदान केंद्र पर फर्जी वोट डालने के लिए पहुंच गए। सुबह जब सीडीओ विनोद कुमार और एएसपी राजेश कुमार महमूद नगर के मतदान केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे तो एक फर्जी मतदाता पकड़ में आ गया। उसके हाथ में पहले डाले गए वोट की स्याही मिट नहीं सकी थी।
पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिया
पूछताछ में युवक ने अपना नाम आजाद बताया। अधिकारियों ने उसे कोतवाली भेजा। वहीं गोलाबाजार में चेकिंग के दौरान दोबारा वोट डालने आए एक युवक को तैनात पुलिसकर्मियों ने हिरासत में ले लिया। दूसरे ने अपना नाम अंकुर पाल सिंह बताया। उसे भी पुलिस ने कार्रवाई के लिए कोतवाली भेजा।