खरेला (महोबा)। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को लेकर नवीन गल्ला मंडी खरेला के व्यापारियों ने किसानों की उपज खरीदने से हाथ खड़े कर दिए हैं। मंडी में भीड़ को देखते हुए व्यापारियों ने माल न खरीदने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मंडी सचिव व एसडीएम चरखारी को पत्र भेजा है। उधर, व्यापारियों द्वारा माल न खरीदे जाने से किसान परेशान हैं। शादी समारोह व अन्य जरूरतों के लिए माल बेचने पहुंचे किसान बैरंग लौट गए।
खरेला क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर आधारित है। यहां के लोग गर्मियों में ही फसल आने के बाद शादी समारोह व सालभर की अन्य व्यवस्थाएं करते है। पर वर्तमान में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिसको देखते हुए नगर उद्योग व्यापार मंडल ने वर्चुअल बैठक कर एक सप्ताह तक खरीद का काम ठप रखने का फैसला लिया। अध्यक्ष राजू गुप्ता, रामकुमार गुप्ता ने बताया कि खरेला गल्ला मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसानों का आना-जाना है। जिसके चलते कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो पा रहा है। अधिकांश किसान न तो मास्क लगाते हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन करते हैं। इसको देखते हुए किसानों का माल न खरीदने का फैसला लिया गया। जिसकी सूचना मंडी सचिव व एसडीएम को भेजी गई। उधर, एसडीएम चरखारी राकेश कुमार ने बताया कि व्यापारियों का पत्र मिला है। किसानों के हित को देखते हुए जल्द निर्णय लिया जाएगा।