संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। देश में सर्वाधिक मौतें सड़क दुर्घटनाओं में होती हैं। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात माह मनाया जा रहा है। ताकि लोग नियमों के प्रति जागरूक हो। सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं नशे की हालत में वाहन चलाने से होती हैं। ऐसे में ड्राइविंग करते समय गाड़ी धीमी गति से चलाएं और मोबाइल पर बात न करें।
यह बात पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को यातायात माह नवंबर के तहत पटेल शिक्षण संस्थान ननौरा में आयोजित गोष्ठी के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई। अपर एसपी आरके गौतम ने कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। बाइक चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें। उन्होंने तेज गति से वाहन न चलाने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करें व नशे की हालत कतई वाहन न चलाने की अपील की। इस मौके पर सीओ कुलपहाड़ रामप्रवेश राय, प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर श्याम प्रताप पटेल, प्रभारी यातायात अरविंद मिश्रा, एसआई राजेश मौर्य के अलावा कालेज के प्राचार्य व शिक्षक मौजूद रहे।