परचूनों की दुकानों में बिक रही अवैध शराब
कबरई (महोबा)। कस्बे के सभी वार्डों में परचून की दुकानों में अवैध रूप से शराब बिक रही है। होली पर प्रशासन के शराब बंदी के आदेश के बावजूद पालन नहीं हो रहा है। नाराज लोगों ने आबकारी दुकानदारों, अवैध विक्रेताओं के खिलाफ करवाई की मांग की है। कस्बे में पत्थर का कारोबार होने के कारण यहां पर शराब की खपत अधिक है। इस कारण बिना लाइसेंस लिए लोग परचून की दुकानों में अवैध तरीके से शराब बेचते हैं। बावजूद इसके आबकारी विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। भाजपा के प्रदीप मिश्रा, दुर्गेश सेंगर, मनोज प्रजापति आदि ने बताया कि कस्बे के सभी वार्डों में परचून किराना की दुकान हैं, जहां धड़ल्ले से शराब बिक्री होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्थानीय पुलिस और आबकारी निरीक्षक से अवैध दुकानें बंद कराने की मांग की गई, लेकिन बिक्री आज तक नहीं रुक सकी। उधर, आबकारी निरीक्षक आर के चतुर्वेदी का कहना है कि पुलिस के साथ औचक छापा मारकर अवैध शराब की बिक्री बंद कराई जाएगी। ब्यूरो