महोबा। थाना श्रीनगर के बेलाताल तिराहे पर आटो खड़े कर सवारियां भरने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। शनिवार को आटो चालकों ने तहसील पहुंच पुलिस पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने आटो खड़े करने के लिए उचित स्थान की व्यवस्था कराए जाने की मांग की।
कस्बा श्रीनगर निवासी अरविंद, सुशील, वासुदेव आदि आटो चालकों ने एसडीएम जितेंद्र कुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि सभी लोग आटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप लगाया कि थाना श्रीनगर पुलिस आए दिन आटो खड़े करने को लेकर गलत व्यवहार कर चालान कर देती है। चालान करने के बाद तिराहे पर आटो न खड़ी करने की हिदायत दी जा रही है। थानाध्यक्ष सरकार के आदेश पर आटो स्टैंड हटाने की बात कह रहे हैं लेकिन उनके लिए दूसरे स्थान पर व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। जिससे उनके सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। आटो चालकों ने आटो को खड़ा करने के लिए एक स्थान सुनिश्चित कराने की मांग की।