कुलपहाड़ (महोबा)। तहसील कुलपहाड़ के ग्राम बम्हौरी खुर्द में अन्ना जानवरों से परेशान किसानों ने मंगलवार को तहसील में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि गोशाला का संचालन सही तरीके से नहीं किया जा रहा है, जिससे अन्ना जानवर खेतों में खड़ी फसल चट कर रहे हैं। किसानों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर गोशाला का संचालन सही तरीके से कराने की मांग की है।
ग्राम बम्हौरीखुर्द निवासी राजाराम, पूरनलाल, रामस्वरूप, कुलदीप, ज्वाला प्रसाद, शिवकुमार राजपूत, मानसिंह, हीरा, अशोक कुमार, हेमराज, स्वामीदीन समेत दो दर्जन से अधिक किसानों ने जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि गांव में संचालित गोशाला से अन्ना जानवरों को छोड़ा जा रहा है। इससे पशुओं के झुंड खेतों में खड़ी फसल बर्बाद कर रहे हैं। कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिससे पशु अन्ना घूम रहे हैं। आक्रोशित किसानों ने तहसील के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि गोशाला के संचालन में सुधार नहीं हुआ तो वह आंदोलन को मजबूर होंगे। किसानों ने जिलाधिकारी से अन्ना पशुओं से बर्बाद हुई फसल का सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति दिलाने व गोशाला का संचालन सही तरीके से कराने की मांग की है। डीएम ने किसानों को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।