महोबा। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद के खिलाफ जान से मारने की धमकी, आपत्तिजनक टिप्पणी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने से पार्टी कार्यकर्ता भड़क गए। बुधवार को 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। बाद में डीएम व एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष आशाराम निषाद, हरीओम निषाद के नेतृत्व में मुकेश कश्यप, महेश रैकवार, रामप्रसाद, रामकरन, राहुल, विनोद, भीम, मंगल, बनमाली, दिलीप आदि ने डीएम प्रभास कुमार को ज्ञापन सौंपा। बताया कि जनपद गोरखपुर के बांसगांव में हुई यह घटना बेहद निंदनीय है। इससे समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। कहा कि राजनीतिक असहमति व्यक्त करना लोकतांत्रिक अधिकार है लेकिन किसी व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देना, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना आदि अत्यंत गंभीर विषय हैं। उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो, ऑडियो सभी सामग्री सुरक्षित रखने, पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।