चरखारी (महोबा)। भांजे की शादी का शगुन देकर लौट रहे बाइक सवार मामा की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूपा रेलवे क्रॉसिंग के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक खाई में गिर गई। हादसे में मामा के सिर पर गंभीर चोटें आईं। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, मामा की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
कोतवाली क्षेत्र के छिकहरा गांव निवासी गुमान सिंह (38) के भांजे गोवर्धन की 26 अप्रैल को बारात जानी थी। इसी क्रम में रविवार की शाम गुमान सिंह भांजे की शादी में शगुन देने पनवाड़ी थाना क्षेत्र के टोला गांव गया था। देर रात बाइक से वापस लौटते समय सूपा रेलवे क्रॉसिंग के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक दस फीट गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भागने में सफल रहा। बाद में सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने जब युवक के खाई में पड़ा देखा तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की दो पुत्रियां निकिता, अर्चना व पुत्र अर्चित का रो-रोकर बुरा हाल है।