एनपीएस कटौती के विरोध में डीएम को सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। उत्तर प्रदेेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की तथा ज्ञापन सौंपते हुए एक अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त शिक्षक व कर्मचारियों की एनपीएस कटौती न करने की मांग की। कहा कि कटौती होने से शिक्षकों व कर्मचारियों की मुश्किल बढ़ेगी।
संघ के अध्यक्ष हृदय नरायन त्रिपाठी ने कहा कि वे शासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत शिक्षक हैं। उनकी नियुक्ति बेसिक शिक्षा नियमावली 1978 के प्राविधान के मुुताबिक एक अप्रैल 2005 से पूर्व हुई है। ऐसी दशा में उनके वेतन से एनपीएस की कटौती किया जाना न्यायसंगत नहीं है। संघ की ओर से पेंशन प्रकरण से सबंधित वाद याचिका न्यायालय में लंबित है। ऐसे में जब तक निर्णय न आ जाए तब तक उनके वेतन से कटौती न की जाए। यदि कटौती होगी तो शिक्षकों को काफी क्षति होगी। ज्ञापन देने के दौरान प्रभुनाथ यादव, विजय प्रताप सिंह, मदन पांडेय, धर्मेंद्र सिंह, जयप्रकाश सिंह, सुभाषचंद सिंह, अरविंद सिंह, सतीशचंद आदि मौजूद रहे।