ओमिक्रॉन : नेपाल सीमा पर लिए गए नमूने
सोनौली (सिद्धार्थनगर)। ओमिक्रॉन वायरस के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए भारत और नेपाल के स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करने के लिए नमूने लेने में जुटी है। बृहस्पतिवार को 50 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। सीमा पर लोगों के नमूने और मोबाइल नंबर लिए जा रहे हैं।
भारत की तरफ से दो स्वास्थ्य कर्मी सीमा पर जांच करने में जुटे हैं। सुबह दस से दोपहर दो बजे तक पचास लोगों की जांच हुई थी। इसके साथ ही टीम ने सोनौली बस डिपो पहुंच कर दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और बैंगलोर जा रहे यात्रियों के नमूने लिए। बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे तक भारत की तरफ स्वास्थ्य कर्मी फर्स बहादुर और एलटी सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में नेपाल से आने वाले कुल 50 लोगों के नमूने लिए लिया। ठीक उसी प्रकार नेपाल की तरफ भारत से जाने वाले 58 लोगों के नमूने लिए गए। एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह दस से चार बजे तक जांच में 50 लोगों के नमूने लिए गए।
लौटे भारतीय पर्यटक
सोनौली सीमा से दिल्ली, गुजरात और केरल के भारतीय पर्यटकों को आरटीपीसीआर रिपोर्ट नहीं होने के कारण नेपाल में प्रवेश नहीं मिला। चौकी प्रभारी सोनौली स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि जांच रिपोर्ट जरूरी है।
भारतीय बारातियों को मिला प्रवेश
स्थानीय कोल्हुई बाजार से नेपाल के धकधई जाने के लिए सोनौली पहुंची बरातियों से भरी 16 गाड़ियों को नेपाल में प्रवेश मिला। सभी भंसार कराकर नेपाल रवाना हुए। बेलहिया इंस्पेक्टर नवीन पौंडेल ने बताया कि बरातियों के लिए कोई रोक नहीं है।