अस्पताल भवन जर्जर, बारिश में टपकता है पानी
फरेंदा(महराजगंज)। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे की हालत अत्यंत खराब है। बारिश के दिनों में अस्पताल की बदहाली सामने आ जाती है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग इस अस्पताल में इलाज कराने आते हैं, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण लोग अस्पताल नहीं जाना चाहते है।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे में डॉ. अखिलेश पटेल, फार्मासिस्ट दिनेश चौधरी, आयुष फार्मासिस्ट जयप्रकाश सिंह, वार्ड ब्वॉय राममिलन व एएनएम किरन सिंह की तैनाती है। डॉक्टर महदेवा दूबे के साथ सीएचसी बनकटी में इमरजेंसी ड्यूटी करते हैं। सोमवार को 14 मरीज अस्पताल में इलाज कराने आए थे। फार्मासिस्ट दिनेश चौधरी अवकाश पर थे। डॉक्टर के साथ कर्मचारी मरीजों के इंतजार में बैठे रहे। एएनएम की ड्यूटी टीकाकरण में लगी रही। डॉ. एके पटेल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के लिए रास्ता खराब है। अस्पताल जर्जर हो चुका है। बारिश होने पर छत से पानी टपकता है। आवास जर्जर हैं। अस्पताल के खिड़की के शीशे टूटे हुए हैं। मालती, विनोद, रहीसुन, रामप्रीत, कौशिल्या आदि लोगों ने अस्पताल में डॉक्टर मिलते हैं, लेकिन बरसात के दिनों में अस्पताल पहुंचना कठिन हो जाता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने बताया कि जर्जर अस्पताल को ठीक कराने व रास्ते की समस्या की जानकारी विभाग को दी गई है। मरीजों के इलाज व उनकी सुविधा का विशेष ध्यान दिया जाता है।