ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी महिला ने उसके स्वर्गीय पति के दोस्त पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने और प्लॉट अपने नाम कराने को लेकर मारपीट करने और अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को एक शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को शिकायतीपत्र देकर बताया कि उसके पति की मृत्यु 11 माह पहले हो गई थी, जिससे वह बेसहारा हो गई। उसके पति का एक दोस्त पति की मृत्यु के पूर्व से उसके घर आता-जाता था, जो मृत्यु के बाद भी उसके घर आने लगा और मौका पाकर आए दिन उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उसने यह बात अपने ससुरालीजनों को भी बताई और कई बार उलाहना भी दिया। इसके बाद भी ढाई माह पूर्व वह व्यक्ति रात में नौ बजे उसके घर आया और कट्टे से जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसकी शिकायती उसने अपने मायकेवालों से की, लेकिन बदनामी होने के डर से समझाबुझाकर चुप करवा दिया। उसके बाद वह व्यक्ति मेरे प्लॉट को अपने नाम कराने को लेकर दबाव बनाने लगा और मारपीट की। वह घर में अकेली होने के कारण अपनी बहन की पुत्री को अपने साथ रखे हुए हैं। एक सितंबर को वह अपने साथ चार लोगों के साथ जीप में आया और घर में घुसकर गालियां देते हुए मारपीट करने लगा। एक व्यक्ति ने उसक मुंह में कट्टा लगा दिया और फायर भी कर दिया। उन्होंने उसके गहने छीन लिए और कपड़े फाड़ दिए। साथ ही जब उसकी भतीजी बचाने आई तो उसके बाल पकड़कर खींचते हुए बाहर एक नाले में पटक आए और वापस घर में आकर उसे जीप में डालकर इलाइट चौराहा के आगे एक पेट्रोल पंप के बगल में बनी टाल पर हाथ-बांधकर उससे मारपीट की और स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर करने को कहा। इसी दौरान उसकी भतीजी ने किसी प्रकार परिजनों व पुलिस को फोन किया तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बताई। उक्त मामले में पुलिस ने भी मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ सही धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।