ललितपुर। ब्लॉक बार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कारीटोरन और इमलिया में बीते दस दिनों से पेयजल का संकट गहरा रहा है। वहीं, ग्राम कारीटोरन में देहरे बाबा के पास स्थित हैंडपंप के खराब होने से हालात और भी बिगड़ गए हैं। लोगों को आधा से एक किमी की दूरी से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पीने के पानी की परेशानी बढ़ गई है। जलसंस्थान द्वारा पानी के बिल समय से भेज दिए जाते हैं, लेकिन आपूर्ति दुरुस्त नहीं की जाती है। महीना, पंद्रह दिन में आपूर्ति बाधित हो जाती है। इस मामले में विभाग के अधिकारी चुप्पी साध लेते हैं। नई बस्ती मोहल्ले में भी पीने के पानी की समस्या बनी हुई है।