ललितपुर। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश बडे़रा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ डीएम योगेश कुमार शुक्ला के आवास पर पहुंचकर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान उन्होंने कई मांगों की ओर भी डीएम का ध्यानाकर्षित कराया। मांग की गई कि दो डाक्टरों को जिला अस्पताल में बैठाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कोविड- 19 महामारी कोरोना वायरस रोकने में जो कदम उठाए जा रहे हैं, वह सराहनीय हैं। इससे महामारी को रोकने में सफलता मिल रही है। लॉकडाउन के समय मध्यमवर्गीय व्यापारियों को बहुत ही समस्याएं उत्पन्न हुई है, उनके बारे में भी ध्यान दें। जैसे कि लॉकडाउन के समय कूलर मिस्त्री, इलेक्ट्रिक मैकेनिक व नल प्लंबर, मकान निर्माण को आदि मिस्त्री वर्ग को कार्य करने की छूट दी गई है, लेकिन जब बिजली, नलफिटिंग, सीमेंट इत्यादि की दुकान नहीं खुलेंगी तो मिस्त्री कार्य कैसे करेगा? सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण के लिए दी गई राशि प्राप्त होने पर भी मकान का निर्माण कार्य नहीं करवा पा रहे हैं और उनका पैसा घर खर्च में लग रहा है, जिससे लाभार्थियों को रहने की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कम से कम दो डॉक्टरों को सामान्य मरीजों को देखने के लिए जिला अस्पताल में बैठाने, जनरल ओपीडी खोलने, प्राइवेट चिकित्सालयों को खोलने, गल्ला मंडी खोलने, गेहूं खरीद की प्रक्रिया का सरलीकरण करने, ग्रामों में ट्रैक्टर ट्राली आने की अनुमति देने की मांग की है। इस मौके पर जिला महामंत्री शैलेंद्र सिंघई, कमलेश सराफ आदि उपस्थित लरहे।