ललितपुर। विकासखंड बिरधा क्षेत्र के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय रजवारा में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास एक लोकप्रिय शिक्षण विधा बनती जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रधानाध्यापक आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में छात्रों के अधिगम में वृद्धि करने के लिए स्मार्ट क्लास एक नवाचारी प्रयास है। जिसमें विभागीय अधिकारियों के कुशल निर्देशन और विद्यालय परिवार के सम्मिलित प्रयासों से मेरा विद्यालय एक नई शिक्षा शैली की ओर अग्रसर हो रहा है। विशिष्ट अतिथि के रूप में सौरभ सिंह वित्त और लेखाधिकारी ने कहा कि ऑडियो, विजुअल टीचिंग मैटेरियल से प्रदान किया। ज्ञान स्थाई और रुचिकर होता है, इस कार्य से बच्चों के नामांकन एवं ठहराव में निश्चित रूप से वृद्धि होगी। विनोद कुमार पटैरिया खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि पारंपरिक शिक्षा प्रणाली के साथ स्मार्ट क्लास से बच्चों में विषय वस्तु के प्रति समझ विकसित होगी। इससे अध्यापकों को शिक्षण में मदद मिलेगी। मुख्य अतिथि रामप्रवेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि छात्रों की प्रतिभा निखारने और उन्हें नई-नई जानकारी से अवगत कराने में स्मार्ट क्लास एक मील का पत्थर है। अध्यक्षता कर रहे जी एस राजपूत मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक झांसी मंडल झांसी ने कहा कि ललितपुर झांसी और चित्रकूट मंडल के समस्त जनपदों में बेसिक शिक्षा विभाग की प्रगति में प्रथम स्थान पर है। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार पुरोहित, योगेंद्र नाथ वर्मा, राम गोपाल वर्मा, जमील अहमद, बृजेश सिंह, गुड्डी देवी तिवारी ग्राम प्रधान, विद्यालय से आशीष मिश्रा, शोभना शांडिल्य, ज्योति व्यास, नीलम गुप्ता, वंदना व्यास, तेजिंदर कौर, गुंजा खरे, अभिलाषा तिवारी, गीताबाई और जिला स्काउट मास्टर संदीप पाठक सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे। संचालन तजेंद्रर कौर ने किया।।

उच्च प्राथमिक विद्यालय रजवारा में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण करते एडी बेसिक व अन्य- फोटो : LALITPUR