ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शहर के मोहल्ला बसंत विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही एक महिला शिक्षामित्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा जखौरा के बड़ा बाजार, हाल कोतवाली ललितपुर के बसंत विहार कॉलोनी निवासी बसंती सविता (38) पत्नी कपिल कुमार सविता ग्राम रोंड़ा में कन्या माध्यमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात थी। परिजनों के मुताबिक करीब चार माह से उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। दो दिन पहले उनके मायके वाले उन्हें छतरपुर में एक धार्मिक स्थान पर भी दिखवाने के ले गए थे और शनिवार को उन्हें फिर से बुलाया गया था। बुधवार की रात को बसंती ने पति व बच्चों के साथ खाना खाया, लेकिन वह रात भर सोई नहीं। बृहस्पतिवार को सुबह जब पति घूमने के लिए चला गया, उसी दौरान उसने (बसंती) अपने कमरे में रस्सी से पंखे पर फांसी का फंदा डालकर अपनी जान दे दी। जब पति घूमकर वापस लौटा और कमरे के दरवाजे खटखटाकर आवाज लगाई तो अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उसने छत की सीढ़ियों से चढ़कर देखा तो पत्नी पंखे पर फांसी केे फंदे पर लटक रही थी। यह देख पति ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजे तोड़े और महिला के मायके वालों को घटना की जानकारी दी। महिला के पति कपिल कुमार ने बताया कि बसंती चार माह से मानसिक रूप से परेशानी चल रही थी। मृतका के दो बेटे हैं। वहीं, मृतका के भाई रामकंकन ने बताया कि उसकी बहन कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी और वह उसका इलाज भी करा रहे थे। मानसिक संतुलन ठीक नहीं होने के कारण ही उसने फांसी लगाकर जान दी है।