ललितपुर। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पूरे जिले में आठ सौ से अधिक स्थानों पर पुलिस की सुरक्षा के बीच राशन वितरण किया गया। सचल दल की टीमें भ्रमणशील रहीं, ताकि कहीं कोई अव्यवस्था न फैले। इसके लिए सभी थानों के अंतर्गत एक से दो पुलिस कर्मी प्रत्येक राशन की दुकानों पर सुरक्षा के लिहाज से तैनात किए गए।
बृृहस्पतिवार को जिले में करीब आठ से अधिक राशन की दुकानों पर अन्न योजना के तहत गरीबों को निशुल्क राशन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों के नेतृत्व में वितरण के दौरान अव्यवस्था से बचाव के लिए सभी राशन की दुकानों पर एक से दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। अकेले शहर में अस्सी राशन की दुकानों पर पुलिस के जवान तैनात रहे। इसके लिए खुद अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को जांचा गया और राशन की दुकानों पर भीड़ एकत्रित न हो और कोविड नियमों का भी पालन हो, इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं, जाखलौन एवं बानपुर क्षेत्र में तीस-तीस राशन की दुकानों पर राशन वितरण के दौरान पुलिस बल की तैनाती की गई। वहीं सदर क्षेत्र के अंतर्गत दस सचल टीमें भी भ्रमण करती रहीं, ताकि अराजकतत्वों पर नजर रखी जा सके और अन्न योजना कार्यक्रम में कोई अव्यवस्था न हो। क्षेत्राधिकारी सदर इमरान अहमद ने बताया कि सभी स्थानों पर राशन वितरण कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है।