ललितपुर। साईं ज्योति संस्था द्वारा ग्राम बुढवार में समेकित आदिवासी विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जल दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में वर्षा जल को सहेजने पर जोर दिया। संस्था अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव पूर्व प्राचार्य वर्णी जैन इंटर कालेज ने पानी के संरक्षण के महत्व को बताते हुए कहा कि जल ही जीवन है। यथार्थ में सत्य है क्योंकि एक बार व्यक्ति बिना भोजन के तो रह सकता है, पर बिना पानी के व्यक्ति नहीं रह सकता है। उन्होंने पानी के महत्व को बताते हुए पानी एक मात्र ऐसी चीज है, जिसे बनाया नही जा सकता। यदि सही मात्रा में एवं सही समय एवं स्थान पर ही पानी का उपयोग किया जाए तो हमारे जीवन में पानी के कमी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि बारिश के पानी का सही उपयोग और संरक्षण ही हमारी वर्ष भर की पानी की आवश्यकता की पूर्ति के लिए पर्याप्त है। हमें पानी की हर बूंद को संरक्षित करना होगा। खेती में और अन्य उपयोग में होने वाली पानी की बर्बादी को हम सभी को अपने व्यवहार में परिवर्तन कर रोकना होगा। संस्था के सचिव अजय श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था द्वारा पानी के प्रति लोगों के व्यवहार में परिवर्तन लाने के लिये लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पानी की हर बूंद को बचा कर हम अपने आने वाली पीढ़ी को पानीदार समाज देने के लिए अपना योगदान दे पाएंगे। खेती में सिंचाई के लिए ड्रिप एवं स्प्रिंकलर का प्रयोग करें। कम पानी के फसलों को बोये साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें। बारिश के पानी की हर बूंद के संरक्षण करने की बहुत आवश्यकता है। इस मौके पर संस्था के रमन शर्मा, विनय श्रीवास्तव, राजेश राय, रमेश श्रीवास्तव, बृषभान सिंह, रवि झा, नंदलाल राजपूत, कमलेश कुशवाहा, संजय राजपूत, सीता राम पंथ, शिव सिंह, देवेंद्र राजपूत, राहुल श्रीवास्तव, रोशनी चांद, सभ्यता सिंह उपस्थित रहे।