ललितपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला इकाई ने पेट्रोल व डीजल मूल्य वृद्धि के विरोध में मोर्चा खोल रखा है। कांग्रेस ने तहसीलों में विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। सदर तहसील के प्रांगण में जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत व पीसीसी जलील अहमद के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि डीजल, पैट्रोल के दाम बढ़ने से देश में बेतहाशा महंगाई बढ़ रही है। भाड़ा बढ़ने से सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं, इस समय 60 से 80 रुपये प्रतिकिलो तक टमाटर बिक रहा है। सरकार को महंगाई को कम करने के लिए तुरंत कदम उठाने की आवश्यकता है। उधर, तहसील तालबेहट के प्रभारी पीसीसी बिट्टू राजा व बृजेश शांडिल्य के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। तहसील पाली में संजीव चौरसिया, दीपक जैन, तहसील मड़ावरा में परमानंद पाठक और दीवान पुष्पेंद्र सिंह लोधी, तहसील महरौनी में धनीराम अहिरवार व अखिलेश मलैया के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान बहादुर अहिरवार एड, नगर अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा, पुनीत देवलिया, नदीम खान, रेखा राजा, उवेश खान, नाती राजा, मो. आसिफ असलम खान, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अंकित यादव, एनएसयूआई अध्यक्ष मोंटी शुक्ला, महेंद्र पनारी, दीक्षा परमार, नीतू झा, रामसिंह यादव, केपी राजपूत, प्रान सिंह राजपूत, करतार सिंह, राहुल सेन मौजूद रहे।