ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कंपनी बाग के सामने प्लॉट दिलाने के नाम पर नौ लाख रुपये हड़पने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला रावतयाना बाहुबलि नगर निवासी भानु कुमार जैन पुत्र राजेंद्र कुमार जैन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बैंक कॉलोनी निवासी विनीत श्रीवास्तव, जो वर्तमान में रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर है। उसके विनीत से मित्रवत संबंध हैं। वर्ष 2013 में विनीत के जरिए 1300 वर्गफुट का प्लॉट लिया। जिसकी कीमत मय रजिस्ट्री के नौ लाख रुपये बताई गई थी। उसने वर्ष 2013 में नकद व चेक के माध्यम से विनीत को कुल नौ लाख रुपये दे दिए। उसके बाद वह प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए विनीत से कहता रहा, लेकिन विनीत टालता रहा। वर्ष 2014 में उसकी पुत्री मेघा की शादी तय हो गई। वर्ष 2017 में उसके पुत्र का स्वास्थ्य खराब होने और दोनों किडनी खराब होने की बात बताने के बाद भी विनीत नहीं माना। 12 मई 2020 को उसके पुत्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद भी विनीत ने न तो रजिस्ट्री कराई और न ही रुपये ही वापस किए। वहीं, आठ नवंबर 2020 को विनीत उसे मिला था, उसने पैसे मांगे तो विनीत गाली गलौज करते हुए झगड़ा करने पर आमादा हो गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ब्यूरो