ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती के अंतर्गत मालगोदाम के आगे रेल पटरियों पर एक युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। नेहरूनगर चौकी पुलिस ने उसके पास से मिले मोबाइल से परिजनों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराई।
नई बस्ती चौकी क्षेत्र के मालगोदाम के आगे जीरोन-ललितपुर रेलवे स्टेशन के मध्य खंभा संख्या 1036/06-08 पर बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। उपस्टेशन अधीक्षक से मेमो मिलने के बाद नेहरू नगर चौकी पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन उसके पास ऐसा कोई कागज या दस्तावेज आदि नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। शव से कुछ दूर उसका एक टूटा हुआ मोबाइल पड़ा हुआ था, जिस पर चौकी इंचार्ज दयाशंकर सिंह ने दूसरे मोबाइल में सिम डालकर उसमें मिले नंबरों से संपर्क किया तो उसकी शिनाख्त नीलेश उर्फ नीलू राय (23) पुत्र मनीराम निवासी ग्राम बुढ़वार के रूप में की गई। बताया गया कि युवक सुबह दस बजे घर से निकला था। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।