ललितपुर। मालवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्लेटफार्म पर उतरते समय रेल पटरियों पर गिरने से एक यात्री की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जम्मू कश्मीर के जवाहर नगर निवासी मदनलाल (65) सोमवार को मध्य प्रदेश के चंदेरी के आगे आनंदपुर आश्रम जाने के लिए मालवा एक्सप्रेस ट्रेन से सोमवार की सुबह ललितपुर स्टेशन पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी शशि भी थीं। ट्रेन रुकने पर जब वह ट्रेन से नीचे प्लेटफार्म पर उतर रहे थे, इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह सीधे प्लेटफार्म व ट्रेन के मध्य गैप होने से रेल पटरियों पर ट्रेन के नीचे जा पहुंचे। जब तक उनकी पत्नी चिल्लाई व लोगों ने उन्हें निकालने का सोचा, तब तक ट्रेन भी चल दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन को रोका गया और उसे बाहर निकालकर गंभीर हालत में उपचार को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का एक बेटा व एक बेटी है और वह आनंदपुर आश्रम जाने के लिए मालवा एक्सप्रेस ट्रेन से आए थे कि यहां हादसा हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पत्नी को सौंप दिया।