पेन का ढक्कन निगलने से छह साल के बालक की मौत
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुरवारा में पेन का ढक्कन निगलने से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और बालक के शव को अपने साथ ले गए।
ग्राम धुरवारा निवासी आनंद (6) पुत्र दृगपाल ने शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक घर में पड़े एक पेन का ढक्कन निगल लिया, जिससे उसकी सांसें अटक गई। यह देख परिजनों ने काफी प्रयास किया, लेकिन पेन का ढक्कन गले से बाहर नहीं निकल सका और बालक बेसुध हो गया। इस पर परिजन उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला चिकित्सालय में तैनात चिकित्सकों ने परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए कहा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और बालक के शव को अपने साथ लेकर चले गए।