ललितपुर। थाना महरौनी पुलिस द्वारा बुधवार को चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश निर्मित देशी शराब से भरी एक बोलेरो गाड़ी पकड़कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़ी गई शराब की कीमत एक लाख ग्यारह हजार रुपये है।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के निर्देश पर सीओ महरौनी फूलचंद के नेतृत्व में थानाध्यक्ष महरौनी की टीम द्वारा लॉकडाउन के उल्लंघन एवं शराब बिक्री के की रोकथाम को मध्य प्रदेश बॉर्डर पर बुधवार की शाम को साढ़े चार बजे चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान खिरिया नाका बार्डर पर एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी आती दिखी, जिस पर उसे रोक लिया और चेकिंग की तो उसमें पीछे की तरफ गत्ते की पेटियां दिखाई दी, उन्हें खोलकर देखा तो कुल 37 पेटियां मध्य प्रदेश निर्मित देशी शराब रखी थीं। प्रत्येक पेटी में 50 क्वार्टर थे, जिनमें 1850 देशी शराब क्वार्टर मिरिण्डा मार्का के हैं जिनकी कीमत एक लाख ग्यारह हजार रुपये है। इस पर बोलेरो में दो आरोपियों को उक्त शराब के साथ गिरफ्तार किया गया और उन पर मुकदमा दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपियों में मध्य प्रदेश के सागर जिला के थाना बद्री के देवराजी निवासी प्रदुम कुशवाहा एवं सागर जिला के थाना मालथौन अंतर्गत ग्राम रोंड़ा निवासी चंद्रभान शामिल हैं। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष महरौनी अलमा अहिरवार, उपनिरीक्षक खेमचंद के अलावा प्रशांत राजपूत, ओमप्रकाश, नरेश, जगदीश शामिल रहे।