ललितपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर मंगलवार को दोपहर में करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक से एक गत्ते में आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल दमकल व कोतवाली पुलिस के साथ जीआरपी व आरपीएफ के जवान भारी संख्या में पहुंच गए। फोर्स को देख लोग सकते में आ गए, बाद में पता चला कि यह पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की मॉकड्रिल की जा रही थी।
मंगलवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सीओ सिटी केशवनाथ, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भारी संख्या में पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन पहुंच गए। वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस भी पहुंच गई। जबकि जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी व जवान भी मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन पर अचानक से एक गत्ते में आग लगने की सूचना पर पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और उक्त आग लगने वाले स्थान पर रस्सी से घेरा बनाकर चारों ओर पुलिस तैनात की गई। वहीं, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने तत्काल गाड़ी से पानी की पाइप निकाली और आग बुझाई। इस दौरान एक व्यक्ति के झुलसने की सूचना पर एंबुलेंस को बुलाकर उसे जिला अस्पताल भिजवाने की मॉकड्रिल भी की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यह कोतवाली पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की एक साझा मॉकड्रिल रेलवे स्टेशन पर की गई थी।