स्वास्थ्य पर्यवेक्षक व कार्यकत्री निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ललितपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दायित्वों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारियों पर शिकंजा कस दिया है। अलग - अलग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और स्वास्थ्य कार्यकत्री को मनमानी के गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। वहीं, न्यू पीएचसी धौर्रा की स्वाथ्य कार्यकत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सत्येंद्र कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जखौरा में तैनात स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संतोष कुमार त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, उन पर उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने, बगैर बताए अनावश्यक रूप से ड्यूटी से नदारद रहने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित वित्तीय अभिलेखों को गायब करने के आरोप हैं। इसी तरह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा के अधीन संचालित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरा खुर्द में तैनात स्वास्थ्य कार्यकत्री सुशीला देवी को भी निलंबित कर दिया गया है।
सुशीला देवी पर टीकाकरण व अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शिथिलता बरतने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप हैं। वहीं, दूसरी ओर नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौर्रा में तैनात स्वास्थ्य कार्यकत्री उषा देवलिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. जेएस बख्शी के निरीक्षण के दौरान ग्राम माता खेड़ा में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की स्थिति खराब पाई गई थी, वहीं मुख्यालय पर निवास नहीं करने और प्रसव नहीं कराने के मामले भी उजागर हुए थे, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यकत्री से स्पष्टीकरण मांगा था तथा एक महीने वेतन भी रोक दिया गया था, इसके बाद भी स्पष्टीकरण नहीं दिए जाने पर सीएमओ ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
दायित्वों में किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। स्वास्थ्य कार्यकत्री का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उसका निलंबन भी तय है। - डा. सत्येंद्र कुमार मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ललितपुर। -----------------