तालबेहट की चोरियों के खुलासे को टीमें गठित
ललितपुर। जिले में लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस विभाग को परेशान कर रखा है। सबसे ज्यादा मामले तालबेहट में सामने आ रहे हैं। पिछले छह माह में तालबेहट में करीब 35 चोरियां हुईं, लेकिन इसमें से केवल 22 चोरियों की ही रिपोर्ट दर्ज की गई। चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने इनके खुलासे के लिए दो टीमें गठित की हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने सीओ तालबेहट के नेतृत्व में 27 अप्रैल को तालबेहट के सरफयाना मुहल्ला निवासी अंशु खत्री के यहां हुई करीब सात लाख रुपये की चोरी व पिछले साल ग्राम तरगुंवा निवासी सनत पटेल के यहां से बंदूक चोरी की जांच के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं। लंबा समय गुजरने के बाद भी चोरियों की घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर एसपी ने तालबेहट पुलिस को फटकार भी लगाई है। पहली टीम में तालबेहट इंस्पेक्टर हाकिम सिंह, हजरत उल्ला और कोमल सिंह शामिल है। दूसरी टीम में कृष्ण बिहारी मिश्रा, विश्राम सिंह, विवेक, कमलेश यादव व कुंवर लाल शामिल हैं। दोनों टीमें मामलों की जांच करेंगी। इसके अलावा हर हफ्ते प्रगति रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी जाएगी।
तालबेहट में हुई बड़ी चोरियां वन विभाग में रेंजर एस के भारद्वाज के घर करीब 20 लाख रुपए की चोरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र यादव के घर करीब चार लाख रुपये की चोरी, रीतेश जैन पवैया के घर साढ़े तीन लाख रुपये की चोरी, पप्पू यादव के यहां पांच लाख रुपए की चोरी तालबेहट की बड़ी चोरी की घटनाओं में शामिल हैं।