तालबेहट। सोमवार को जनपद के नोडल अधिकारी प्रमोद कुुमार उपाध्याय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में बनाए गए कोविड -19 एल- वन का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर कई कमियां मिलने पर अधीनस्थों को फटकार लगाई।
जनपद में कोरोना के मरीजों के उपचार के लिए प्रशासन की पहल पर सीएचसी तालबेहट में कोविड -19 लेबल- वन को अस्पताल बनाया गया। इसके बाद यहां की समस्त स्वास्थ्य सेवाएं बंद करके उन्हें पुराने भवन में स्थानांतरित कर दी गई थीं। तब से वहीं पर आपातकालीन सेवाएं चल रही हैं। सोमवार की दोपहर के बाद नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने कोविड -19 एल- वन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें मौके पर गंदगी मिली। मरीजों के उपयोग के लिए स्नानागार के इंतजाम सहित कई कमियां मिली। मौजूद अधिकारी कई प्रश्नों का उत्तर तक नहीं दे सके। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम अनिल कुमार मिश्र, सीएमओ डॉ. प्रताप सिंह, एसडीएम मोहम्मद कमर सहित कई अधीनस्थ विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, जिला मुख्यालय से आए आकस्मिक चिकित्सा सेवा वाहन ने नगर के मेडिकल स्टोर संचालकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित लगभग तीन दर्जन से अधिक लोगों के कोरोना के नमूने लिए।