अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा दिव्यांग सहायता शिविर
मड़ावरा (ललितपुर)। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा मड़ावरा में आयोजित दो दिवसीय सहायता शिविर अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। दूरदराज से पहुंचे दिव्यांगजनों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। कर्मचारियों की लापरवाही के चलते दिव्यांगों को आवश्यक दस्तावेजों के लिए परेशान होना पड़ा। ।
शिविर में दावा किया गया कि 50 दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण वितरण के लिए चिह्नित किया गया है, लेकिन अधिकांश दिव्यांगों एवं उनके परिजनों की शिकायत रही कि शिविर में इंटरनेट, बिजली तथा ब्लडग्रुप परीक्षण के नाम पर उन्हें परेशान किया गया। इससे उनका यूडीआई नहीं बन सका और दर्जनों दिव्यांगों को खाली हाथ वापस जाना पड़ा। दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग द्वारा तहसील मुख्यालय के सामुदायिक सभागार में शुक्रवार एवं शनिवार को दो-दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें दिव्यांगजनों के विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र, कृत्रिम हाथ-पैर, सहायक उपकरण एवं दिव्यांगजन पेंशन के लिए चिह्नांकन किया जाना था।