ललितपुर। शहर में एयरपोर्ट के निर्माण को शासन की मंजूरी मिलने के बाद अब स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा शासन के निर्देश पर जमीन की नापजोख की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। राजस्व अधिकारियों द्वारा सिलगन रेलवे क्रॉसिंग के पास राजघाट रोड के दूसरी ओर तक नापजोख की है।
शहर के गल्ला मंडी के आगे झांसी रोड के पास से सिवनी खुर्द क्षेत्र तक हवाई पट्टी का निर्माण द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान किया गया था। तब से हवाई पट्टी का इस्तेमाल स्थायी रूप से नहीं किया गया, लेकिन अब इसका विस्तारीकरण करते हुए यहां एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। बीते दिनों शासन से इसकी मंजूरी भी मिल गई और इसके लिए चिह्नित की गई 106.740 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की जा रही है, जिसमें लगभग 96.96 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की देखरेख में यहां एयरपोर्ट के निर्माण के लिए चिह्नित की जा रही जमीन की नापजोख 18 लेखपालों के माध्यम से की जा रही है। इसमें हवाई पट्टी के दोनों ओर लगभग 180-180 मीटर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। बृहस्पतिवार व शुक्रवार को उपजिलाधिकारी सदर केके सिंह, तहसीलदार श्याममणि त्रिपाठी एवं नायब तहसीलदार, कानूनगो समेत अन्य राजस्व अधिकारियों द्वारा इस कार्य के लिए डेरा डाल लिया है और नक्शा लेकर सिलगन रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूर पहले राजघाट रोड के दूसरी ओर तक नापजोख की गई। इस नापजोख में कई निर्मित किए जा चुके एवं निर्माणाधीन मकान व व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी जद में आ सकते हैं। हालांकि स्थिति स्पष्ट नहीं होने से नापजोख वाले स्थान के आसपास के लोगों की बेचैनी भी बढ़ गई है कि कहीं उनका मकान या दुकान या जमीन तो इसमें नहीं आ रही है, खासतौर पर रेलवे क्रॉसिंग के पहले निर्माणाधीन व निर्मित भवनों के स्वामी अधिक बेचैन हैं।