ललितपुर। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशन में सहायक मलेरिया अधिकारी असीम यादव, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक अजब सिंह यादव और मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव, ज्ञानेश गौतम, लोकनाथ, सुनील कुमार फील्ड वर्कर द्वारा जनपद के विभिन्न कार्यालयों एवं शहरी मोहल्लों एवं ग्राम नदनवारा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा में डेंगू- चिकिनगुनिया के प्रभावी लक्षणों के नियंत्रण हेतु लार्वा सर्वेक्षण किया गया।
जिसमें कार्यालयों में स्थापित कूलर और परिसर में रखे अन्य कंटेनरों की सघन जांच की गई। निरीक्षण में प्रा. स्वा. केंद्र जखौरा- नदनवारा के एक कूलर और 13 कंटेनरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए। वहीं तालाबपुरा में भी घरों में रखे 3 कूलर व 2 कंटेनरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए। जिन कार्यालयों में कूलर एवं परिसरों में रखे कंटेनर में मच्छरों के लार्वा पाए गए हैं, उन्हें मौके पर खाली करवाया गया और नोटिस जारी करते हुए भविष्य में सप्ताह में एक बार सभी गुणों एवं कंटेनरों की अच्छी तरह सफाई करने के बाद पूरी तरह सूख जाने के बाद ही दोबारा पानी भरने, शरीर को पूरी तरह से ढके रहने वाले कपड़े पहनने की स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह के द्वारा मच्छरों से होने वाली बीमारियों के संक्रमण काल को देखते हुए आम जनता से घरों में स्थापित कूलर कंटेनरों व छतों पर स्थापित पानी की टंकियों एवं टायरों प्लास्टिक के टूटे-फूटे बर्तन आदि की सप्ताह में एक बार सफाई करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के घर में कूलर, कंटेनर आदि में मच्छरों के लार्वा पाए गए तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जुलाई माह 2020 से घरों में विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत अब तक 12926 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें अब तक 479 घरों में लार्वा पॉजिटिव पाए गए, जिनको मौके पर खाली करवाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लार्वा रोधी दवा का छिड़काव भी कराया गया।