ललितपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आधार कार्ड में चल रही धांधली पर अंकुश लगाने की मांग की है। इसमें बताया कि आधार कार्ड सही कराने के लिए छात्र/ छात्राओं को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में आरोप लगाया कि वर्तमान में आधार कार्ड लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं में से एक है। किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता पढ़ती है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए पूर्व में सरकार ने बड़े पैमाने पर लोगों के आधार कार्ड विभिन्न माध्यमों से बनवाएं। जिनमें बैंक, डाकघर और सीएससी केंद्र सम्मिलित हैं। बाद में किन्हीं कारणों से सीएससी केंद्रों पर उक्त आधार कार्ड बनाने और संशोधित करने की इजाजत खत्म कर दी गई, जिस कारण बड़े पैमाने पर लोग बैंकों में जाने लगे। इस समय वजीफा के आवेदन के लिए छात्र/ छात्राएं और उनके अभिभावक अपने बच्चों के आधार कार्ड की कमियों को दूर कराने के लिए बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। बैंक कर्मी आधार कार्ड संशोधित नहीं कर रहे हैं या फिर महीनों चक्कर लगवा रहे हैं। इस वजह से बैंकों के बाहर सक्रिय दलालों के संपर्क में लोग आ रहे हैं। इसे ध्यान में रखकर सीएससी केंद्रों में आधार कार्ड संशोधनों की अनुमति दी जाए और उसकी फीस भी सरकार द्वारा निर्धारित की जाए। यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला कांग्रेस कमेटी बैंकों में मची धांधली और छात्र-छात्राओं को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर बहादुर अहिरवार एड., नगर अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा, पुनीत देवलिया एड., राकेश रजक एड, शिव नारायन पुरोहित, समद खान, उपाध्यक्ष प्रदीप रिछारिया, नवनीत किलेदार, डॉ. राम सिंह यादव, मनीष श्रीमाली, महेंद्र पनारी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेर सिंह यादव, प्रेम नामदेव, भान सिंह लंबरदार, बहादुर सिंह राजपूत, राहुल सेन आदि उपस्थित रहे।