ललितपुर। लॉकडाउन के दौरान नौकरी चले जाने से परेशान युवक ने सोमवार को जहर खाकर जान दे दी। थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम पठा ककरुआ का रहने वाला युवक लॉकडाउन के दौरान नौकरी चली जाने पर तीन माह पहले इंदौर से अपने घर पठा ककरुआ लौट आया था।
थाना नाराहट के ग्राम ककरुआ निवासी विश्वनाथ (36) पुत्र चिप्पन पटेल इंदौर में एक मिनरल वाटर की फैक्ट्री में वाहन चालक का काम करता था, लेकिन लॉकडाउन के कारण काम छिन गया और वह अपने गांव लौट आया। काम छूट जाने के कारण वह तीन महीने से गांव और रिश्तेदारी में घूम रहा था और इस दौरान लगातार तनाव में था। सोमवार को दोपहर में करीब बारह बजे उसने अपने घर पर जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई बलराम ने बताया कि उसका भाई विश्वनाथ रोजगार छिन जाने के कारण परेशान था। इसी के चलते उसने कीटनाशक खाकर खुदकुशी कर ली।